गोपेश्वर। जिला मुख्यालय गोपेश्वर से सटे गंगोलगांव में दस साल के लंबे अंतराल के बाद 13 नवंबर से पारंपरिक पांडव लीला का भव्य आयोजन शुरू होने जा रहा है। गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना के लिए आयोजित होने वाली इस धार्मिक लीला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजन की तैयारियों के चलते गांव में उत्सव जैसा माहौल बनने लगा है।
पांडव लीला के आयोजन की सूचना मिलते ही गांव से बाहर नौकरी और व्यवसाय करने वाले प्रवासी ग्रामीण भी अपने पैतृक गांव लौटने लगे हैं। लंबे समय बाद आयोजित हो रही इस धार्मिक लीला ने ग्रामीणों को अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया है। वहीं आसपास के गांवों सहित दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों में भी इस आयोजन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
गढ़वाल की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में पांडव लीला का विशेष स्थान है। महाभारत के प्रसंगों पर आधारित इस लीला में पांडवों के जीवन से जुड़ी घटनाओं का पारंपरिक गीत, संगीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से मंचन किया जाता है। ढोल-दमाऊं की थाप पर पांडव पश्वाओं का अवतरण और पारंपरिक नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पांडव लीला महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का माध्यम भी है। दस साल बाद होने जा रहे इस आयोजन से नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
13 नवंबर से शुरू होने वाली पांडव लीला को लेकर ग्रामीणों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूती देने के साथ ही गांव में सामाजिक एकजुटता और आपसी मेल-मिलाप की परंपरा को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।


