बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त
चमोली में 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, तीन मोटर मार्गों की भी घोषणा
पीपलकोटी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के बीच पहुंचकर पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से भी जुड़ाव प्रदर्शित किया। उन्होंने सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला समूहों के उत्पादों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुआ ऐतिहासिक चिपको आंदोलन आज भी पर्यावरण संरक्षण की मिसाल है। गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने जिस साहस और संकल्प के साथ जंगलों को बचाने का आंदोलन खड़ा किया, वह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्षा मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति अभियान में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला। कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान दिया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान के चेक वितरित किए। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
149.77 करोड़ की 30 योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली में कुल 149.77 करोड़ रुपये की लागत की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में बम्बूधार से मूल गांव छिनका होते हुए मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग निर्माण, घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग, गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण, गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण तथा पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण सहित कई सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
निर्माण खंड गौचर के अंतर्गत जयकंडी-सिरतोली, हापला-मसौली से गुडम नैल, पोखरी-हरिशंकर से थैलीथाला बैंड, धार डुंग्री-मैखुरा से निवाड़ी, कर्णप्रयाग-नौटी से चौण्डली ल्यूथा तथा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मिली मजबूती
लोकार्पित 14 विकास कार्यों में गौचर और उर्गम में बीपीएचयू निर्माण, राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी में लाइब्रेरी एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, पोगठा, देवाल और नंदासैंण में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला एवं वर्कशॉप, आयुर्वेदिक चिकित्सालय देवाल और बगना में भवन निर्माण तथा राजकीय इंटर कॉलेज मंदोली, नारायणबगड़ और थराली में कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाओं एवं शौचालय निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
तीन मोटर मार्गों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, गजेंद्र रावत,अतुल शाह,आरती नवानी,हरक सिंह,अरुण मैठाणी,विनोद कनवासी जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

