बद्रीनाथ।बद्रीनाथ धाम की पवित्रता एवं धार्मिक मर्यादाओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बद्रीनाथ पुलिस ने एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मांसाहारी सामग्री एवं अवैध शराब के साथ चार व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दिया है।
चेकिंग के दौरान टैक्सी से बरामदगी
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को धाम क्षेत्र में सुरक्षा एवं चेकिंग व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) से बद्रीनाथ की ओर आ रही एक टैक्सी को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के भीतर से अलग-अलग पैकेटों में छुपाकर रखा गया लगभग 12 किलो से अधिक चिकन व मछली तथा 3 बोतल शराब बरामद हुई।
नेपाल के रहने वाले हैं आरोपी
वाहन में सवार चारों व्यक्तियों से जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की, तो उन्होंने स्वयं को नेपाल का मूल निवासी बताया और कहा कि वे यहाँ मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस टीम द्वारा उन्हें धाम क्षेत्र की संवेदनशीलता और वहाँ लागू सख्त प्रतिबंधों की वैधानिक जानकारी दी गई। इसके साथ ही चारों आरोपितों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: पुलिस
“बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है, जहां सनातन धार्मिक परंपराओं के अनुरूप मांस एवं मदिरा का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित है। ऐसे में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को धाम क्षेत्र में लाना न सिर्फ स्थानीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुँचती है।”
पुलिस प्रशासन ने बरामद मांस, मछली एवं शराब को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करवा दिया। पुलिस ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि धाम की गरिमा, उच्च परंपराओं एवं पवित्रता को बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियानों को और अधिक सख्ती से जारी रखा जाएगा।


