सहकारिता के माध्यम से पहाड़ के अंतिम छोर तक स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर
थराली। विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखंड देवाल में चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग की ओर से वृहद कृषक ऋण मेले एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के काश्तकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऋण के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख देवाल तेजपाल रावत, मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, गणेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह बिष्ट, लाखन सिंह रावत, गोविंद सोनी, बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश तथा खंड विकास अधिकारी जयदीप वैरवाण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर गजेंद्र रावत ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप प्रदेश में सहकारिता गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में सहकारिता विभाग पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों, महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कार्य कर रहा है। दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना जैसी पहल से किसानों को कृषि, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन में सहयोग के लिए जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, महाप्रबंधक एवं सहकारिता विभाग की टीम का आभार जताया गया। साथ ही ऋण प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


