चमोली। विकासखंड दशोली की निजमुला घाटी में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से ब्यारा ग्राम पंचायत के सात परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर आकलन शुरू कर दिया है, जबकि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने भी तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई है।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह ने जिला एवं तहसील प्रशासन को दी। इसके बाद आपदा प्रभावित ग्रामीण सहायता की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। तहसील प्रशासन की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन किया। प्रशासन ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, चमोली शाखा ने भी राहत कार्य शुरू करते हुए शाखा सचिव सुरेंद्र रावत ने तहसीलदार दीपशिखा के समन्वय से प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की। रेडक्रॉस सचिव ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
राहत वितरण के दौरान जिला पंचायत सदस्य सैंजी कुमारी संतोषी, रेखा नेगी,ग्राम प्रधान ब्यारा राजेंद्र सिंह फर्स्वाण,पूर्व प्रधान ब्यारा बृज लाल मौजूद रहे।
बारिश से प्रभावित परिवारों में वीर सिंह पुत्र बलवंत सिंह, मंगल सिंह पुत्र सूर सिंह, राकेश सिंह पुत्र सूर सिंह, जितार सिंह पुत्र जसपाल सिंह,मदन सिंह पुत्र केशर सिंह,बीरेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह सहित अन्य परिवार शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

