मंगलौर में सीएम धामी की जन आशीर्वाद रैली, कन्या महाविद्यालय और गंगनहर पुल निर्माण की घोषणा

jantakikhabar
0 0
Read Time:8 Minute, 15 Second

किसानों को गन्ना मूल्य बढ़ाने का भरोसा, ट्यूबवेल के बिजली बिल माफी की मांग पर परीक्षण के निर्देश

 

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार मंगलौर के समग्र विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले का निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध तथा ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

मंगलौर में विकास की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। मंगलौर में विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन्हें अवसरों में बदलने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

एक हजार से अधिक परिवारों को आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवाओं को 36 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बाबा साहेब के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

रैली में कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Avatar

About Post Author

jantakikhabar

9897129437 गोपेश्वर चमोली ranjeetnnegi@gmail.com
Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Subscribe US Now

[mc4wp_form id="88"]
Share
error: Content is protected !!