पोखरी।जनपद के गुनियाला पोखरी स्थित ‘शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल’ का वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र की जनता का भारी हुजूम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

समारोह के दौरान सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न जनप्रतिनिधियों तथा महिला मंगल दलों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाली मातृशक्ति की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी का संबोधन चर्चा का केंद्र रहा। आगामी चुनावों के मद्देनजर हुंकार भरते हुए उन्होंने जनता से सीधा संवाद किया। एक राजनेता की संवेदनशीलता और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए उन्होंने मंच से कहा:
“सार्वजनिक जीवन में कभी-कभी अनजाने में गलतियाँ हो जाती हैं। यदि पूर्व में मुझसे कोई त्रुटि हुई हो, तो मैं उसके लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा प्रार्थी हूँ।”
भंडारी के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में ‘डैमेज कंट्रोल’ और जनता का भरोसा फिर से जीतने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, अभिभावक और भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


