नंदानगर (चमोली)नंदा नगर ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बूरा में वार्षिक उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, ब्लॉक अध्यक्ष सुखबीर रौतेला ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजनों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे मंचों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
वार्षिकोत्सव के दौरान प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही छात्रों ने सामाजिक विषयों पर आधारित नाटक के जरिए शिक्षाप्रद संदेश दिए, ग्राम सभा बूरा और चाजुली के महिला मंगल दलों ने भी लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेंद्र रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाने का बेहतरीन माध्यम हैं। इससे न केवल मनोरंजन होता है, बल्कि बच्चों को भविष्य में बड़े मंचों पर प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलता है।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रेम नौटियाल, खुशहाल सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह, सुरभि श्याम, ममता देवी सहित NPRC बूरा के समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


