गोपेश्वर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रविवार को कोठियालसैन स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में एक भव्य ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में समाज के ज्वलंत मुद्दों पर मंथन करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, संघ के सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर ने अपने संबोधन में संघ के आगामी शताब्दी वर्ष की रूपरेखा साझा की। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के सिद्धांत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवन शैली और नागरिक कर्तव्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा”संघ के स्वयंसेवक निरंतर समाज को नई दिशा देने की कवायद में जुटे हैं। आज युवाओं का राष्ट्रहित में बढ़-चढ़कर संघ से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि समाज में सकारात्मक बदलाव की लहर है।”
गोष्ठी के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्ध नागरिकों ने क्षेत्रीय और सामाजिक समस्याओं को प्रमुखता से रखा। वक्ताओं ने आश्वासन दिया कि इन सुझावों और मुद्दों को उच्च स्तर पर विचारार्थ भेजा जाएगा।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक मनोज, जिला संघ चालक राजेंद्र पंत, जिला कार्यवाह विक्रम सिंह नेगी, सह विभाग कार्यवाह कालिका प्रसाद सेमवाल, राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी, अतुल शाह, हिम्मत सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश पुजारी, और नगर संघ चालक महेंद्र रावत सुरेंद्र सिंह, मनोज भट्ट, राकेश पुरोहित, अनिल नेगी, हरीश पुरोहित और देवेंद्र नेगी सहित संघ और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


