दस लाख से अधिक बकाया होने पर बिजली विभाग की कार्रवाई, बीएसएनएल ने बिना नोटिस कनेक्शन काटने पर जताई आपत्ति
गोपेश्वर। निजमूला घाटी में बिजली का बिल लंबे समय से जमा नहीं करने पर बिजली विभाग ने बीएसएनएल के इकलौते मोबाइल टावर का बिजली कनेक्शन काट दिया। इससे घाटी की करीब 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है। नेटवर्क बंद होने से ग्रामीणों को फोन, इंटरनेट और जरूरी संचार सेवाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग के जेई दीपक राणा ने बताया कि बीएसएनएल पर पिछले कई वर्षों से 10 लाख सात हजार दो सौ अस्सी (10,7280) रुपये का बिजली बिल बकाया चल रहा था। विभाग की ओर से कई बार बकाया बिल जमा करने के लिए सूचित किया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद उच्च अधिकारियों के आदेश के अनुपालन में बीएसएनएल के मोबाइल टावर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
वहीं, बीएसएनएल के एसडीओ राजेश सैनी ने बिजली विभाग की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि विभाग ने बिल दिए बिना ही बिजली का कनेक्शन काट दिया, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कनेक्शन काटे जाने से क्षेत्र में संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है।
पूर्व प्रधान ब्यारा बृजलाल ने बताया कि निजमूला घाटी में बीएसएनएल का यही एकमात्र मोबाइल टावर है। इसका कनेक्शन कटने के बाद करीब 15 ग्राम सभाओं के ग्रामीण मोबाइल नेटवर्क से पूरी तरह कट गए हैं। उन्होंने कहा कि घाटी में नेटवर्क बंद होने से ग्रामीणों के साथ-साथ बाहर रहने वाले लोगों से संपर्क भी टूट गया है। आपात स्थिति में फोन नहीं लगने के कारण ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।।भाजपा नेता बीरेंद्र फर्स्वाण ने कहा बिजली विभाग और बीएसएनएल से आपसी विवाद का जल्द समाधान कर टावर की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि घाटी में मोबाइल संचार व्यवस्था सुचारु हो सके।

