गोपेश्वर। तमिलनाडु के नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म के विरुद्ध दिए गए आपत्तिजनक और अभद्र बयान को लेकर देवभूमि में आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में आज चमोली जनपद में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने महामंत्री विपिन कंडारी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया और स्टालिन का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिला महामंत्री विपिन कंडारी ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे प्राचीन और सहिष्णु धर्म है। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की अमर्यादित और ओछी टिप्पणियाँ न केवल करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और नफरत फैलाने का काम भी करती हैं।”
कंडारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा ऐसे बयानों की कड़ी निंदा करता है और मांग करता है कि उदयनिधि स्टालिन को अपने इस कृत्य के लिए समस्त देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और स्पष्ट संदेश दिया कि सनातन धर्म और देश की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि वे अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव मुखर रहेंगे और किसी भी स्तर पर अपमान को सहन नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए और धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले बयानों पर अंकुश लगाया जाना चाहिए।


