देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘खेलो इंडिया’ और ‘एशियाई खेलों’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले चमोली जनपद के होनहार खिलाड़ी शार्दुल थपलियाल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम ने शार्दुल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शार्दुल थपलियाल, जो विकासखंड ज्योतिर्मठ के बड़ागांव के निवासी हैं, ने खेल जगत में उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने न केवल खेलो इंडिया में अपना दबदबा कायम किया, बल्कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा शार्दुल ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, तो पहाड़ की प्रतिभाएं दुनिया के किसी भी मंच पर विजय प्राप्त कर सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दोहराया कि राज्य सरकार नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों से शार्दुल जैसे प्रतिभाशाली युवाओं को तराशकर उन्हें विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
शार्दुल की इस सफलता पर उनके पैतृक गांव बड़ागांव और पूरे ज्योतिर्मठ क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय निवासियों ने इसे सीमांत जनपद के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है।

