सुबह 4:30 बजे की घटना CCTV में कैद, अस्पताल चौकी को मजबूत करने की तैयारी
देहरादून। राजकीय दून अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे चापड़ लेकर दो लोगों के घुसने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया की अस्पताल में भर्ती दो मरीजों के तीमारदारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक पक्ष के दो लोग चापड़ लेकर इमरजेंसी में पहुंच गए। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हथियार लेकर लोगों के पहुंचने से मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अस्पताल चौकी को मजबूत करने की तैयारी
एसपी सिटी ने बताया कि दून अस्पताल में सुरक्षा से जुड़ी इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए अस्पताल चौकी को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
घटना ने अस्पताल की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना होगा कि अस्पताल परिसर में हथियार लेकर प्रवेश करने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के क्या अतिरिक्त इंतजाम किए जाते हैं।


