Read Time:2 Minute, 29 Second
देहरादून।उत्तराखंड के त्रिस्तरीय पंचायती राज इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। चमोली जनपद के विकासखंड दशोली स्थित खेनूरी गांव की ग्राम प्रधान योगिता रावत को निर्विरोध ‘उत्तराखंड प्रदेश प्रधान संगठन’ का अध्यक्ष चुना गया है। यह पहला अवसर है जब प्रदेश के सबसे बड़े प्रधान संगठन के शीर्ष पद पर किसी महिला ने कब्जा जमाया है।
संगठन के चुनाव में योगिता रावत के नाम पर सर्वसम्मति बनने के बाद उनके निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की गई। चमोली जैसे सीमांत जिले की एक महिला प्रधान का प्रदेश स्तर पर नेतृत्व संभालना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल चमोली जनपद, बल्कि पूरे प्रदेश के पंचायत प्रतिनिधियों में हर्ष की लहर है।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष योगिता रावत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पंचायतों को सशक्त बनाना और प्रधानों के अधिकारों की रक्षा करना होगी। उन्होंने कहा “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी। गांव के विकास और प्रधानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना ही मेरा मुख्य लक्ष्य है।”
योगिता रावत के अध्यक्ष बनने पर खेनूरी गांव सहित पूरे जिले में जश्न का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि योगिता अपनी कार्यकुशलता और जुझारू स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश भर के ग्राम प्रधानों की आवाज को नई मजबूती मिलेगी।
सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक, योगिता रावत को इस ऐतिहासिक जीत और नई जिम्मेदारी के लिए बधाइयां मिल रही हैं।

