चमोली। जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन मार्ग मंडल-चोपता मोटर मार्ग पर स्थित ‘काफल रेस्टोरेंट’ में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका काले धुएं के गुबार और आग की ऊँची लपटों से घिर गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सूखी लकड़ी और अस्थायी ढांचों के कारण आग बेकाबू होती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक रेस्टोरेंट और आसपास की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।
इस अग्निकांड में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव को कारण माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

