चमोली। विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब की आगामी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन ने कमर कस ली है। भारी बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के बीच यात्रा मार्ग को तैयार करने के लिए चमोली पुलिस, भारतीय सेना और गुरुद्वारा कमेटी की संयुक्त टीम ने गोविंदघाट से लेकर दरबार साहिब तक का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से उन स्थानों को चिह्नित किया जहां भारी बर्फबारी के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है या आवाजाही में कठिनाई आ सकती है। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े,सेना के जवान और मजदूर मार्ग से बर्फ हटाने और रास्ता बनाने के कार्य में जुटे हैं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा इस बार सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मार्ग में फिसलन वाले क्षेत्रों और अत्यधिक बर्फ वाले जोन में जवानों की तैनाती की योजना बनाई गई है।
गौरतलब है कि हेमकुंड साहिब का पैदल मार्ग वर्तमान में बर्फ की मोटी चादर से ढका हुआ है। सेना के जवान विपरीत मौसम के बावजूद निरंतर रास्ता खोलने का कार्य कर रहे हैं, ताकि कपाट खुलने की निर्धारित तिथि तक सभी तैयारियां पूरी की जा सकें।


