विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत हुए स्थानांतरण, राकेश भट्ट हरिद्वार, चित्रगुप्त पौड़ी और लक्ष्मी प्रसाद व नवनीत भंडारी देहरादून में संभालेंगे नई जिम्मेदारी
चमोली। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के तहत चमोली जनपद से चार पुलिस अधिकारियों का अन्य जनपदों में स्थानांतरण होने पर पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल और योगदान को याद किया।
स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों में निरीक्षक राकेश भट्ट, निरीक्षक चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चारों अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने अधिकारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे नई तैनाती पर भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
निरीक्षक राकेश भट्ट वर्ष 2022 से चमोली में तैनात थे। उन्होंने डीसीआरबी प्रभारी के साथ ही ज्योतिर्मठ और कर्णप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी संभाली। ज्योतिर्मठ में सेवाओं के दौरान उन्हें पुलिस महानिदेशक की ओर से सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया। उनका स्थानांतरण हरिद्वार हुआ है।
निरीक्षक चित्रगुप्त वर्ष 2025 से चमोली में तैनात थे। उन्होंने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर और थाना गोविंदघाट में प्रभारी निरीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका स्थानांतरण पौड़ी गढ़वाल हुआ है।
उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण जून 2022 से चमोली में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने नंदानगर घाट, चमोली, बदरीनाथ, गोविंदघाट, गौचर, पीपलकोटी, आदिबदरी और गैरसैंण सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। बदरीनाथ एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के साथ ही गौचर और पीपलकोटी बंड मेले के शांतिपूर्ण आयोजन में उनका योगदान रहा। उनका स्थानांतरण देहरादून हुआ है।
उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी वर्ष 2022 में चमोली आए थे। उन्होंने बदरीनाथ थानाध्यक्ष, गोपेश्वर कोतवाली प्रभारी, एसओजी और चुनाव सेल प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उत्कृष्ट विवेचना के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सर्वोत्कृष्ट आपराधिक विवेचना पुरस्कार मिला। वन्यजीव तस्करी की रोकथाम और वन्यजीवों की बरामदगी के कार्यों के लिए वन मंत्रालय की ओर से भी सम्मानित किया गया। बदरीनाथ क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की करीब एक वर्ष दो माह बाद डीएनए परीक्षण से शिनाख्त कराना उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा। उनका स्थानांतरण भी देहरादून हुआ है।
विदाई समारोह में चारों अधिकारियों ने चमोली में बिताए अपने सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि सीमांत एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस जनपद में काम करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब यात्रा और विभिन्न मेलों के दौरान टीम भावना से काम करने के अनुभव हमेशा याद रहेंगे। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार जताया।इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवंकर्मचारी मौजूद रहे।


