गोपेश्वर। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव (आईपीएस) ने शुक्रवार को जनपद चमोली के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कार्यालय गोपेश्वर पहुंचने पर उन्होंने गार्द सलामी ग्रहण की और विधिवत रूप से कार्यभार संभाला।
वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित श्रीवास्तव इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, एसपी जीआरपी और उत्तराखंड के राज्यपाल के परिसहाय (एडीसी) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक गोष्ठी की। उन्होंने सभी से टीम भावना, आपसी समन्वय और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभी से इलेक्शन मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता एवं सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों, अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने शाखा प्रभारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


