सदस्यों ने विभागीय योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की जानकारी उपलब्ध कराने पर दिया जोर
गोपेश्वर। जिला पंचायत चमोली की बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को भी बैठक में रखा।
बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने किया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष और उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्यों महेंद्र सिंह, प्रदीप बुटोला, सुरेंद्र सिंह नेगी, हरीश राम, रमा राणा और संतोषी सहित अन्य सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
सदस्यों ने जनपदीय अधिकारियों से जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और आमजन को मिलने वाले लाभों की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचनी चाहिए।बैठक में विभागीय योजनाओं के संबंध में सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

