ज्योर्तिमठ। राजकीय इंटर कॉलेज ज्योर्तिमठ में दशकों तक शिक्षा की अलख जगाने वाले तीन वरिष्ठ शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में खुशी और गम का मिला-जुला माहौल देखने को मिला, जहाँ ढोल-नगाड़ों की थाप पर फूल-मालाओं से लादकर शिक्षकों को विदा किया गया।
सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों में प्रभारी प्रधानाचार्य एवं प्रवक्ता अर्थशास्त्र महेंद्र सिंह पवार, प्रवक्ता मनवर सिंह पाल एवं सहायक अध्यापक (विज्ञान) अनुज कपरवान शामिल रहे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने अपने प्रिय गुरुजनों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना की।
सूरज सैलानी ने कहा कि इन शिक्षकों ने न केवल छात्रों को किताबी ज्ञान दिया, बल्कि उन्हें जीवन के उच्च आदर्शों से भी परिचित कराया। विद्यालय परिवार ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस विशेष अवसर पर तीनों सेवानिवृत्त शिक्षकों के परिवार जन भी उपस्थित रहे। विदाई के अंतिम क्षणों में पूरा विद्यालय परिवार भावुक नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें विद्यालय परिसर से ससम्मान विदा किया गया।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरज सेलानी, पूर्व प्रधान संजय राणा विद्यालय का समस्त स्टाफ, स्थानीय अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


