गोपेश्वर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में अब बदलाव की बयार बहने लगी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शासन से त्रस्त जनता अब ‘परिवर्तन’ के मूड में है और बड़ी उम्मीद के साथ कांग्रेस की ओर देख रही है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने को लेकर लोगों में एक छटपटाहट है। उन्होंने कहा, भाजपा से अब लोगों को कोई उम्मीद नहीं रह गई है। यह वक्त कांग्रेस के मजबूती से खड़े होने का है। भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी के दम पर लोकतंत्र को कुचल रही है और क्षेत्रीय दलों के अस्तित्व को समाप्त करने पर तुली है।शैलजा ने राष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब जनता के सवालों पर सरकार को आईना दिखाते हैं, तो भाजपा उन्हें संसद में बोलने तक नहीं देती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी निडर होकर सरकार को ललकार रहे हैं, जिससे सत्तापक्ष घबराया हुआ है।
भाजपा को ‘सत्ता के मद में चूर’ बताते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि आज बेरोजगारी और महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। सरकार को जनसरोकारों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करें और कांग्रेस की पैठ मजबूत करें।
बैठक में प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं ने एक सुर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। इस अवसर पर गणेश गोदियाल प्रदेश अध्यक्ष,हरक सिंह रावत,प्रीतम सिंह अध्यक्ष चुनाव संचालन समिति, एआईसीसी सदस्य सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न नगर पालिकाओं के अध्यक्ष व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संदीप झिंक्वाण ने किया।


