Read Time:2 Minute, 11 Second
पीपलकोटी।12 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर बंड जनप्रतिनिधिमंडल ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। बार-बार ज्ञापन देने और प्रशासन के हस्तक्षेप के बावजूद समाधान न होने से नाराज संगठन ने आगामी 5 मई से टीएचडीसी के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में जिला अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया था कि वे 20 अप्रैल को टीएचडीसी, एचसीसी और क्षेत्रीय जनता के बीच समन्वय स्थापित कर 12 सूत्रीय मांगों का निस्तारण करें। लेकिन, निर्धारित तिथि पर आम बैठक न हो पाने के कारण क्षेत्रीय जनता में आक्रोश व्याप्त है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन टीएचडीसी और प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं, 20 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक न होने से ग्रामीणों में भारी रोष है।
जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि अब बातचीत का समय बीत चुका है और जब तक मांगें पूरी नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा।
हालांकि मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनमें मुख्य रूप से परियोजना प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्य, रोजगार, पर्यावरण क्षतिपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। अब देखना होगा कि 5 मई से पहले प्रशासन संगठन को मनाने में सफल होता है या यह आंदोलन उग्र रूप धारण करेगा।


