हेलीपैड से लेकर कल्चरल फेस्टिवल स्थल तक निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश
बद्रीनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 20 सितंबर को प्रस्तावित बद्रीनाथ दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बद्रीनाथ हेलीपैड, कथा महोत्सव स्थल, एराइवल प्लाजा और देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 के आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, यातायात, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बद्रीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ ही पार्किंग के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के साथ ही बद्रीनाथ में आयोजित होने वाले देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 और बद्रीनाथ कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी श् चंद्रशेखर वशिष्ठ, उपजिलाधिकारी श्री राज कुमार पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

