छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, प्रतिभाओं को निखारने पर दिया जोर
पोखरी। राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के प्रथम दिवस विद्यालय परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं महिला मंगल दलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के रंग भर दिए। प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
गजेंद्र रावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।
वार्षिकोत्सव में जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चमोली, विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र रावत, शिक्षक-अभिभावक संघ अध्यक्ष प्रदीप चौहान और प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुनीता देवी सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।


