चमोली। ग्राम सभा सैजी में बुधवार को मां नंदा की विदाई यात्रा धार्मिक आस्था, परंपरा और भावुक माहौल के बीच संपन्न हुई। विदाई के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। ढोल-दमाऊं की गूंज, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और मां नंदा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
मां नंदा की विदाई के अवसर पर ग्राम सभा सैजी में स्यापाती का भव्य मेला आयोजित किया गया। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और प्रवासी पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां नंदा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान ‘खाना कटार’ की पारंपरिक रस्म भी विधिवत निभाई गई। श्रद्धालुओं ने मां नंदा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

विदाई के समय माहौल बेहद भावुक हो गया। श्रद्धालुओं ने मां नंदा को श्रद्धा और भावांजलि के साथ विदा किया। ग्रामीणों ने मां नंदा से क्षेत्र और परिवारों पर सुख-समृद्धि बनाए रखने तथा सभी के जीवन में खुशहाली लाने की प्रार्थना की। विदाई यात्रा में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर ग्राम सभा ब्यारा के नवयुवकों की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में पहुंचे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीण युवाओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम में जीतार सिंह, गुड्डू सिंह, सुंदर फर्स्वाण, गौरव फर्स्वाण, भरत राणा, दुलाप सिंह, रघुवीर सिंह, कुंवर सिंह, रजत मैखुरी, नवीन फर्स्वाण, नीतीश थपलियाल, सुरेंद्र सिंह, मनोज सिंह, अबल सिंह, देवेंद्र सिंह, विक्रम नेगी,हरेंद्र सिंह, भीम सिंह,सवर सिंह, हुकम बिष्ट, नरेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

