चमोली। ब्यारा–मोली–हड़ूंग मोटर मार्ग का निर्माण पिछले 15 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। सड़क नहीं बनने से क्षेत्र के ग्रामीण आज भी 8 से 10 किलोमीटर तक पैदल सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर चुनाव में सड़क निर्माण के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
ग्राम प्रधान मोली भगत सिंह फर्स्वाण ने कहा वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा इस मोटर मार्ग की घोषणा की गई थी। इसके बाद कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए। लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों ने कई बार सर्वे भी किया, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
पूर्व सरपंच भीम सिंह फरस्वाण ने बताया कि वर्षों से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन विधायक ने भी सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया था, लेकिन फाइल अब तक आगे नहीं बढ़ सकी।
स्थानीय निवासी मनोज फरस्वाण ने कहा कि यदि ब्यारा–मोली–हड़ूंग मोटर मार्ग बन जाता है तो किसानों को आलू, राजमा सहित अन्य कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे। साथ ही सड़क बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
ग्रामीणों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य दिखाई देने चाहिए।

