राज्यपाल ने आहूत किया वर्ष 2026 का तृतीय सत्र, सुबह 11 बजे से शुरू होगी सदन की कार्यवाही
देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 27 अक्टूबर से विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र शुरू होगा। राज्यपाल ने राज्य की पंचम विधानसभा के तृतीय सत्र को आहूत कर दिया है। मंगलवार को सुबह 11 बजे चमोली जिले के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सदन की कार्यवाही शुरू होगी।
विधानसभा सचिवालय के संसदीय अनुभाग की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना में सत्र की तिथि और समय की औपचारिक जानकारी दी गई है। उप सचिव (लेखा) हेम चंद्र पंत के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना के साथ ही विधानसभा सत्र की तिथि तय हो गई है।
गैरसैंण में आयोजित होने वाले इस सत्र को प्रदेश की विधायी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्र के मद्देनजर विधानसभा परिसर और व्यवस्थाओं से जुड़ी तैयारियों पर ध्यान रहेगा। अब सभी की निगाहें सदन की कार्यवाही और सत्र के दौरान उठने वाले मुद्दों पर रहेंगी।

