बद्रीनाथ/माणा।चारधाम यात्रा के चरम पर पहुँचने के साथ ही जहाँ एक ओर श्रद्धालुओं की आस्था हिलोरें ले रही है, वहीं दूसरी ओर पर्यटन स्थलों की स्वच्छता को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोग मुस्तैद हो गए हैं। भारत के प्रथम गाँव ‘माणा’ में स्थित पौराणिक भीम पुल की पवित्रता और सुंदरता को बनाए रखने के लिए मंगलवार को पुलिस, SDRF और स्थानीय ग्रामीणों ने एक संयुक्त विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
यात्रा सीजन के कारण भीम पुल और सरस्वती नदी के तटीय क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी आमद हो रही है। इस भीड़ के कारण क्षेत्र में प्लास्टिक की बोतलों, खाद्य सामग्रियों के रैपर्स और अन्य कचरे का अंबार लग गया था। विशेष बात यह रही कि SDRF और पुलिस के जवानों ने अपनी विशेष ट्रेनिंग और उपकरणों का उपयोग करते हुए उन गहरी खाइयों और दुर्गम ढलानों से कूड़ा निकाला, जहाँ सामान्य तौर पर पहुँचना असंभव था।
इस अभियान में माणा गाँव के ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ‘अपनी माटी-अपनी विरासत’ के संकल्प के साथ स्थानीय लोगों ने पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भारी मात्रा में कूड़ा एकत्रित किया और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया।


