बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी ने जारी किया कार्यक्रम, परेड ग्राउंड में लंका दहन, रावण दहन और भव्य आतिशबाजी होगी
देहरादून। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से इस वर्ष 79वां दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। 20 अक्टूबर को परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। इस दौरान लंका दहन और भव्य आतिशबाजी भी आयोजित की जाएगी। वहीं, 21 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे।
शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित प्रेस वार्ता में कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई। कमेटी के प्रधान संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि 20 अक्टूबर को दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा कालिका माता भवन पहुंचेगी, जहां श्री कालिका मंदिर समिति और संगीत मंडली की ओर से देवी-देवताओं के स्वरूपों का स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद शोभायात्रा मोती बाजार, राजपुर रोड और एश्लेहॉल होते हुए शाम 4:30 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां शाम 5:30 बजे लंका दहन और 6:05 बजे रावण दहन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 से 7:30 बजे तक भव्य आतिशबाजी होगी। आयोजन के बाद शोभायात्रा दर्शन लाल चौक, घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए कालिका मार्ग पहुंचेगी।
दशहरा पर्व के अगले दिन 21 अक्टूबर, बुधवार को भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर परिसर से शोभायात्रा निकलेगी। यह कालिका मंदिर मार्ग, चकराता रोड, कनॉट प्लेस, घंटाघर और राजपुर रोड होते हुए ओरिएंट सिनेमा के रास्ते परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां देवी-देवताओं के स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगा
इसके बाद शोभायात्रा राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, कोतवाली, धामावाला, राजा रोड और हनुमान चौक होते हुए मोती बाजार पहुंचेगी। यहां से कालिका मार्ग पर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन होगा।
कमेटी के अनुसार, इस बार 181 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है, जो दशहरा उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए कमेटी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
प्रेस वार्ता में दशहरा कमेटी के महामंत्री पंकज कालरा, कोषाध्यक्ष रमेश खनिजो, ग्राउंड प्रमुख हरीश डोरा, संजय चांदना, राज्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अशोक वर्मा, बन्नू स्कूल के अध्यक्ष अमित कपूर, संजीव विरमानी, रसिक भाटिया, वेद प्रकाश शर्मा, मीडिया प्रभारी संजीव विज, मनोज साहनी, योगेश व्यास सहित कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।


