देहरादून। देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देने और प्रवासी पहाड़ियों को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से राजधानी देहरादून में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है।”अपणी पहाड़, अपणी संस्कति’ समिति के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम 5 अप्रैल 2026 को बालावाला स्थित गंगा फार्म में संपन्न होगा।
लोक कलाकारों का महासंगम
इस सांस्कृतिक संध्या की मुख्य विशेषता उत्तराखंड के दिग्गज लोक कलाकारों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में लोक गायक सौरभ मैथानी, किशन महिपाल, बीरू जोशी, हेमा नेगी करासी और जागर सम्राट बसन्ती बिष्ट अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इनके साथ ही प्रदेश की कई उभरती हुई प्रतिभाएं भी मंच साझा करेंगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा
समिति के संरक्षक हेमा पुरोहित और आयोजक प्रवीन पुरोहित व राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराना है।
“यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी पहाड़ी भाई-बहनों के लिए अपनी पुरानी परम्पराओं से जुड़ने का एक साझा मंच है। हम सभी उत्तराखंड वासियों से इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील करते हैं।”
— पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी


