दौलत कैपिटल के नाम पर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर की थी धोखाधड़ी, चमोली पुलिस ने वारंट-बी पर न्यायालय में किया पेश
मामले में अब तक दो अभियुक्तों की संलिप्तता आई सामने, ठगी की रकम वापस दिलाने के प्रयास जारी
चमोली। शेयर मार्केट में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 18.65 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में चमोली पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त को राजस्थान की जेल से वारंट-बी पर तलब कर न्यायालय में पेश किया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आ चुकी है। पुलिस ने पीड़ित की धनराशि वापस दिलाने के लिए विभिन्न बैंक खातों में उपलब्ध रकम होल्ड कराने की कार्रवाई भी की है।
पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर 27 नवंबर को क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र राणा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक दिनेश सिंह पंवार ने राजस्थान की जेल में निरुद्ध अभियुक्त को वारंट-बी के माध्यम से न्यायालय में पेश किया।
दौलत कैपिटल के नाम पर निवेश का झांसा
कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 318(4) और 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले की विवेचना में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने वादी को दौलत कैपिटल के नाम पर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। इसके बाद निवेश के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से कुल 18 लाख 65 हजार रुपये का लेनदेन करवाकर धोखाधड़ी की गई।
विवेचना के दौरान आशीष मीणा उर्फ लक्की पुत्र स्व. कमलेश मीणा निवासी सूर्य लालपुरा, थाना मेंहदवास, जनपद टोंक, राजस्थान की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने वादी को फोन कर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा दिया था और शुरुआती निवेश के नाम पर धनराशि ट्रांसफर करवाई थी।
राजस्थान पुलिस ने अगस्त में किया था गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को राजस्थान पुलिस ने अगस्त 2026 में गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में जिला कारागार टोंक में निरुद्ध था। चमोली पुलिस ने मामले में साक्ष्य संकलित करने के बाद न्यायालय से वारंट-बी प्राप्त किया और अभियुक्त को तलब कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से उसका न्यायिक अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है।
दो अभियुक्तों की संलिप्तता, रकम वापसी के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना में अब तक कुल दो अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई है, जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त एमआरएम पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में उपलब्ध धनराशि को होल्ड कराने की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इन प्रयासों से पीड़ित को ठगी गई धनराशि वापस मिलने की उम्मीद है। मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।


