चमोली। निजमुला घाटी में मौसम के तेवरों और तकनीकी खराबी के चलते जनजीवन बेपटरी हो गया है। गाड़ी गांव के टिटरी तोक के बीच बिजली की मुख्य लाइन पर भारी पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इस खराबी के कारण घाटी के एक दर्जन से अधिक गांव पिछले कई घंटों से अंधेरे में डूबे हुए हैं।
गाड़ी ग्राम प्रधान मंदोधरी देवी ने बताया टिटरी के बीच एक पेड़ टूटकर बिजली की तारों पर गिर गया। इससे लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण लाइन को ठीक करने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग से लेकर बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।
गाड़ी गाँव की प्रधान मंदोधरी देवी ने बिजली संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर जल्द से जल्द लाइन को दुरुस्त करने की मांग की है।
विद्युत विभाग के स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द ही आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

