बदरीनाथ।कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष बृज लाल और समिति के सदस्यों ने रविवार को सपरिवार श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और विकास कार्यों की गति व गुणवत्ता की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल के हेलीपैड पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ डेलिगेशन का अभिनंदन किया। इसके पश्चात, अध्यक्ष बृज लाल और अन्य सदस्यों ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समिति के सदस्यों ने श्री बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया।
उन्होंनेआधारभूत संरचना, नए पैदल मार्गों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार को भविष्य के लिए क्रांतिकारी बताया।समिति ने कहा कि धाम में परंपरा और आधुनिकता का बेहतर संतुलन बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में तीर्थयात्रियों को सुगम और सुव्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी। सदस्यों का मानना है कि इन कार्यों से धार्मिक पर्यटन को एक नई दिशा प्राप्त होगी।
इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष बृज लाल के साथ सांसद दिनेश भाई मकवाना, नवीन कुमार जैन, पी.पी. चौधरी, लालजी वर्मा, विवेक टंखा, मंजू शर्मा, वरुण कुमार चौधरी और सरोज सहित अन्य सदस्य और उनके परिजन शामिल रहे। दर्शन के दौरान सभी ने धाम की आध्यात्मिक गरिमा और वहां की व्यवस्थाओं के प्रति अपना संतोष व्यक्त किया।

