Read Time:2 Minute, 46 Second
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन ‘सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा’ को धरातल पर उतारने के लिए सरकार पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में रविवार को ग्राम्य विकास एवं एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जनपद चमोली के कमेडा से बद्रीनाथ धाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा हेतु सड़क सुधारीकरण और सुरक्षा उपायों को समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाए।
राजमार्ग के निरीक्षण के साथ-साथ मंत्री चौधरी ने क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न हो रही एलपीजी आपूर्ति की समस्या पर विशेष संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि यात्रा सीजन के दौरान स्थानीय जनता और तीर्थयात्रियों को गैस सिलेंडरों की किल्लत न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भपाल राम टम्टा. भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, एनएचआईडीसीएल के जीएम शादाब इमाम , पीआईयू (पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव , एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रागण एसडीएम चमोली, एसडीएम जोशीमठ सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


