चमोली।उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणामों में जनपद चमोली के सीमांत क्षेत्र की बेटी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ज्योतिर्मठ, रविग्राम की रहने वाली तृप्ति डिमरी ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 95.20%अंक प्राप्त कर जनपद की वरीयता सूची में प्रथम स्थान हासिल किया है।
तृप्ति की इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे रविग्राम और ज्योतिर्मठ नगर को गौरवान्वित किया है।तृप्ति ने अपनी मेहनत के दम पर न केवल जिला स्तर पर टॉप किया, बल्कि राज्य की संयुक्त श्रेष्ठता सूची (प्रदेश मेरिट) में भी 11वां स्थान प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
इस गौरवपूर्ण क्षण पर स्थानीय निवासियों और परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि तृप्ति ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों तक, हर कोई “बेटी” की इस उन्नति पर गर्व महसूस कर रहा है।
“यह ज्योतिर्मठ और जिला चमोली के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। नारायण की कृपा से हमारी बेटी ने जिले का नाम रोशन किया है। हम उसके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उन्नति की कामना करता हु।”
> — विधायक लखपत बुटोला
तृप्ति की इस सफलता को भविष्य के परीक्षार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने तृप्ति को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


