गोपेश्वर (चमोली) प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को जनपद मुख्यालय गोपेश्वर में उत्साह का माहौल रहा। पीजी कॉलेज और स्थानीय खेल मैदान में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों ने दर्शकों और प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक धरोहर की दिखी झलक
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम रुद्रेश कला मंच और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से रामचंद्र भट्ट इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्यों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
काव्य पाठ और जन जागरूकता
सांस्कृतिक मंच पर आयोजित कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। बाल कवि कार्तिक तिवारी, कवयित्री दीपलता झिगवाण, प्रेरणा सेमवाल और शशि देवली ने पहाड़ी संस्कृति और समकालीन विषयों पर प्रभावशाली काव्य पाठ किया।
इसी मंच से स्वास्थ्य विभाग ने सामाजिक संदेश भी साझा किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने ‘विश्व क्षय रोग उन्मूलन दिवस’ के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को टीबी से बचाव और इसके उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।


