चमोली।जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब सवा लाख रुपये मूल्य की 614 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन व पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में चमोली पुलिस लगातार नशा माफियाओं के खिलाफ धरपकड़ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बीती 16 मई की देर रात प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
चेकिंग के दौरान बिरही से आगे निजमुला मार्ग पर पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 614 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1,22,800 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश राम 29 वर्ष पुत्र बुद्धि राम, निवासी ग्राम पाणा ईरानी, चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या- 09/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


