गौचर। गौचर ग्राउंड में बुधवार सुबह करीब सात बजे चारधाम यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस सीज कर दी है।
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली कि गौचर ग्राउंड में एक बस ने महिला को कुचल दिया है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बस संख्या DD01 R 9725 के चालक ने बस के अगले दाहिने टायर से महिला को कुचल दिया। घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह 15 मई को परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश से वह बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा कर रही थीं।
पुलिस ने हादसे के आरोपित चालक मितेश कुमार मोदी निवासी मेहसाना, गुजरात को हिरासत में लेकर बस कब्जे में ले ली है। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
गौचर चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि सीज किए गए वाहन में सवार तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ भेजने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित रवाना किया जा रहा है।

