चमोली। लगातार हो रही अतिवृष्टि के चलते ग्राम पंचायत ब्यारा के थौली तोक में भूस्खलन होने से कई आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। भूस्खलन के कारण राकेश सिंह, वीर सिंह, जितार सिंह, मदन सिंह, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों के मकानों पर संकट मंडरा रहा है।
शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य सैंजी कुमारी संतोषी तथा राजस्व उपनिरीक्षक गौंणा अशोक बैरवाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नुकसान का सर्वे कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा पात्र प्रभावितों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।

