पीपलकोटी। जनपद के गौणा भनाली क्षेत्र में विगत दिनों हुई प्राकृतिक आपदा के प्रभावितों को शासन की ओर से त्वरित सहायता पहुँचाई गई है। आकाशीय बिजली गिरने से अपनी आजीविका खोने वाले बकरी पालकों को राहत राशि के चेक वितरित किए गए।
गौरतलब है कि बीते दिनों गौणा भनाली में आकाशीय बिजली गिरने की एक हृदयविदारक घटना में 413 बकरियों की असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस घटना से क्षेत्र के पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति पहुँची थी। शासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके बाद शुक्रवार को पीपलकोटी में एक कार्यक्रम आयोजित कर 30 प्रभावित पशुपालकों को सोलह लाख से अधिक की सहायता, राशि के चेक प्रदान किए गए।
चेक वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूर्व कॉर्बेटिव बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र रावत मौजूद रहे। उन्होंने प्रभावितों को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में पशुपालकों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पशुपालकों ने शासन और प्रशासन द्वारा समय पर की गई इस कार्रवाई की सराहना की। तहसील प्रशासन के अनुसार, शेष औपचारिकताओं को भी जल्द पूरा किया जा रहा है ताकि प्रभावित परिवारों को अपनी आजीविका को पुनः सुदृढ़ करने में मदद मिल सके।


