टिहरी गढ़वाल। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही एक चारधाम यात्रा बस संख्या- UK04 PA 0418) का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके चलते अनियंत्रित होकर बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे के वक्त बस में कुल 39 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की ढालवाला और ब्यासी टीमों ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
SDRF कमांडेंट के मुताबिक, इस दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। गनीमत रही कि बस खाई में गिरने के बजाय सड़क पर ही पलट गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से रुक गया। बाकी सभी 35 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।


