देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के शिवनगर में युवा कांग्रेस के राष्ट्र संयोजक भूपेंद्र सिंह नेगी ‘भुप्पी’ की ओर से प्रीतम सिंह के मार्गदर्शन में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, राज्य आंदोलनकारी एवं रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने रिबन काटकर किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह नेगी की ओर से किए जा रहे जनसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं।
शिविर में अरिहंत हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने क्षेत्र से पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
भूपेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और रायपुर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अजेंद्र गुसाईं, दीपक खंडोरी, दिवाकर ध्यानी, ऋषभ चौधरी, अनुप पाल, सुशील नमोली, दीपक रमौला, इमरान खान समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में अरिहंत हॉस्पिटल की टीम का विशेष सहयोग रहा।

