6 नवंबर को परेड ग्राउंड में जनसभा और पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के चलते बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, बाजारों के लिए भी निर्धारित की गईं पार्किंग
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए देहरादून पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों को जीरो जोन घोषित किया गया है। साथ ही वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन
जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी होकर जाएंगे। वहीं आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड से भेजा जाएगा।
बाहरी क्षेत्रों से आने वाली बसों की पार्किंग,
हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें बन्नू स्कूल मैदान में पार्क होंगी।रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसों के लिए भी बन्नू स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है।
सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसों के लिए भी गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस लाइन में भी रहेगा जीरो जोन
अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। बन्नू चौक से नेगी तिराहे जाने वाले वाहन गुरुनानक और सूरी चौक होकर जाएंगे।
धनतेरस पर बाजारों के लिए पार्किंग व्यवस्था
धनतेरस पर बाजारों में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के लोग जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर, रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर में, प्रेमनगर बाजार आने वाले लोग दशहरा ग्राउंड में और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले लोग मालदेवता रोड पर वाहन पार्क कर सकेंगे।
पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री
पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। यातायात सामान्य रहने पर विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित रूट पर चलेंगे। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
विक्रम और सिटी बसों के बदले रूट
यातायात दबाव के अनुसार विक्रम संख्या 03 को धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए भेजा जाएगा। विक्रम संख्या 05 और 08 रेलवे स्टेशन से, जबकि विक्रम संख्या 02 सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस होंगे। विक्रम संख्या 01 केवल ओरिएंट चौक तक आएंगे। प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के विक्रमों को बिंदाल कट से वापस किया जाएगा।
राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होकर संचालित होंगी। रायपुर रोड से आने वाली सिटी बसें सर्वे चौक से बहल चौक होते हुए घंटाघर जाएंगी।
पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करने की अपील की है। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से टो किया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस ने त्योहारी सीजन में निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने, दोपहिया और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने तथा समय रहते खरीदारी पूरी करने की सलाह दी है। आवश्यक सेवाओं एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन वाहनों को डायवर्जन से मुक्त रखा जाएगा।
पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

