शीतलहर और बर्फबारी से निपटने के लिए अलाव, कंबल वितरण व रैन बसेरों की होगी व्यवस्था, दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न पहले पहुंचाने के निर्देश
देहरादून। आगामी शीतकाल और संभावित बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्दियों के दौरान आमजन की सुरक्षा, राहत और बचाव व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करें।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों सहित अन्य स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धन, असहाय और निराश्रित लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान संभावित सड़क अवरोध को देखते हुए तीन माह का खाद्यान्न पहले ही पहुंचा दिया जाए। इसके अलावा खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बर्फबारी के दौरान स्थानीय लोगों को परेशानी न होजिले के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और निगरानी करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बर्फबारी की आशंका वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय से चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से पहले नजदीकी चिकित्सालय के आसपास सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, एंबुलेंस और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।
बर्फबारी के दौरान पर्वतीय मार्गों पर आवागमन सुचारू रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर सहित नमक और चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और मार्ग बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं चालकों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। खराब मौसम में पर्यटकों को समय से सूचना उपलब्ध कराने तथा ऐसे ट्रैक चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां बर्फबारी के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है।
वहीं, पशुओं को शीतलहर और पाले से बचाने के लिए पशु चिकित्सालयों में दवाइयों और उपचार की व्यवस्था, आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय तथा चारा बैंकों में पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मानव-पशु संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविंद्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत और पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अन्य उप जिलाधिकारी एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

