चमोली। चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड सभागार में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री के सहयोग से पूर्व सैनिक सम्मान एवं जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट,कर्नल कोठियाल,जिलापंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट गजेंद्र रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 से अधिक लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल कोटियाल ने कहा कि देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि सेना पर सवाल उठाने के बजाय उसके त्याग, अनुशासन और समर्पण से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने पोखरी नागनाथ क्षेत्र में युवाओं के मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के लिए यूथ फाउंडेशन की स्थापना का सुझाव भी दिया।
राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और भारतीय सेना का मनोबल वैश्विक स्तर पर मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ सैनिकों तक पहुंच रहा है। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों के हितों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम के दौरान विकासखंड क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं जनप्रतिनिधियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों के अनुभवों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। साथ ही क्षेत्र के विकास, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के योगदान का सम्मान करने के साथ-साथ समाज और क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का उत्साहवर्धन करना था।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह विष्ट, पूर्व सैनिक ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन रमेश बर्त्वाल, पूर्व कर्नल डी.एस. बर्त्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, पूर्व बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत,जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, दिव्या भारती, अमर सिंह, महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, बीरेंद्र पाल भंडारी, प्रदीप चौहान, डॉ. मातबर सिंह रावत सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


