टनल में बाढ़, भूस्खलन, भूकंप, सड़क दुर्घटना, भालू के हमले और अग्निकांड समेत आठ आपदा परिस्थितियों में चलाए गए बचाव अभियान
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से की निगरानी, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया का लिया जायजा
चमोली। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शनिवार को जनपद चमोली में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जनपद के आठ स्थानों पर अलग-अलग आपदा परिस्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर बचाव अभियान चलाए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों और बचाव एजेंसियों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपसी समन्वय की क्षमता को परखा गया।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी आठ घटनास्थलों पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संपर्क कर रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आपदा की स्थिति में सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने पर जोर दिया।
टनल में फंसे श्रमिकों से लेकर भूकंप में फंसे विद्यार्थियों तक का रेस्क्यू
ज्योतिर्मठ तहसील के तपोवन एनटीपीसी टनल में त्वरित बाढ़ और जलभराव का परिदृश्य तैयार किया गया। सुरंग में पानी और मलबा भरने से 20 से 22 श्रमिकों, तकनीकी कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों के फंसने की स्थिति दर्शाई गई। बचाव दलों ने सुरंग में फंसे लोगों की खोज और सुरक्षित निकासी का अभ्यास किया। गांधी मैदान ज्योतिर्मठ को स्टेजिंग एरिया बनाया गया।
जीएमवीएन परिसर ज्योतिर्मठ में 6.0 तीव्रता के भूकंप से भवन के पांच कक्ष क्षतिग्रस्त होने और 12 से 14 लोगों के फंसने का परिदृश्य तैयार किया गया। वहीं, पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हाट में भूस्खलन से सुरंग का प्रवेश एवं निकास मार्ग अवरुद्ध होने तथा 15 से 20 श्रमिकों के फंसने की स्थिति में संयुक्त रेस्क्यू अभियान का अभ्यास किया गया।
कर्णप्रयाग तहसील के चटवापीपल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना का परिदृश्य तैयार कर वाहन में सवार 14 से 16 यात्रियों को सुरक्षित निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
पोखरी के मोहनखाल मार्ग पर मुख्य बाजार के निकट भालू के हमले में दो व्यक्तियों के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। वन विभाग की टीम ने वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया।
घाट तहसील के कुंतरी गांव के समीप एक खेत में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तथा संभावित घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।
थराली के राजकीय इंटर कॉलेज में 6.0 तीव्रता के भूकंप से मुख्य भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने और करीब 40 विद्यार्थियों के फंसने की स्थिति में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। गैरसैंण तहसील के कालिमाटी गांव में भीषण अग्निकांड का परिदृश्य तैयार कर आग पर नियंत्रण पाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और आग को आबादी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने का अभ्यास किया गया।
विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास
मॉक अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, सेना के गढ़वाल स्काउट, एसएसबी, सीआईएसएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, वन विभाग, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल संस्थान, सिंचाई, परिवहन, पशुपालन, एनटीपीसी, टीएचडीसी और स्थानीय निकायों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
अभ्यास के दौरान एंबुलेंस, जेसीबी, एक्सकेवेटर, क्रेन, अग्निशमन वाहन, पानी के टैंकर, डिवाटरिंग पंप, हाइड्रोलिक एवं आयरन कटर, जैक, वुड कटर, रस्सियां, सर्चलाइट और सैटेलाइट फोन सहित विभिन्न आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोग का परीक्षण किया गया। वन्यजीव हमले की स्थिति से निपटने के लिए एनिमल ट्रैप केज और ट्रैंक्विलाइजर गन की व्यवस्था भी रखी गई।
सभी घटनास्थलों की गतिविधियों का ऑनलाइन प्रसारण जिला आपदा परिचालन केंद्र से जोड़कर निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया गया। अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव कार्य, घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, अस्पताल तक पहुंचाने, संचार व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता को परखा गया।
जिला आपदा परिचालन केंद्र में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित आईआरएस प्रणाली के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, मॉक अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि को न्यूनतम रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को तैयार रखना है।


