चमोली।जैन धर्म के प्रख्यात संत आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रमुख शिष्या आर्यिका रत्न पूर्णमति माता इन दिनों अपनी प्रथम उत्तराखंड यात्रा के अंतर्गत बद्रीनाथ धाम की ओर अग्रसर हैं। इस आध्यात्मिक पदयात्रा के दौरान चमोली पुलिस और होमगार्ड के जवानों द्वारा दी जा रही उत्कृष्ट सुरक्षा और सेवा भावना से प्रभावित होकर माता जी ने पुलिस प्रशासन की खुले मन से प्रशंसा की है।
आर्यिका श्री की पदयात्रा जिस भी थाना क्षेत्र से गुजर रही है, वहां तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवान पूरी सतर्कता के साथ उन्हें सुरक्षित मार्ग प्रदान कर रहे हैं। दुर्गम रास्तों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जवानों द्वारा दिखाई जा रही संवेदनशीलता और श्रद्धा भाव ने श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया है।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं से प्रसन्न होकर आर्यिका पूर्णमति माता जी ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा”देवभूमि में पुलिस की तत्परता और सेवा भावना सराहनीय है। जवानों के सहयोग और संवेदनशीलता के कारण इस कठिन यात्रा मार्ग पर भी यात्रियों को सुरक्षा के साथ-साथ अत्यंत सहजता का अनुभव हो रहा है।
चमोली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में तैनात बल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ‘अलर्ट मोड’ पर है। पुलिस का मुख्य ध्येय है कि बद्रीनाथ धाम आने वाले हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहे। जवानों के इस व्यवहार से न केवल विभाग की छवि उज्ज्वल हो रही है, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी एक सकारात्मक संदेश मिल रहा है।
आर्यिका पूर्णमति माता की पदयात्रा वर्तमान में चमोली जनपद के विभिन्न पड़ावों से होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है, जहाँ पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी चर्चा का विषय बनी हुई है।


