चमोली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी के परिजनों से गढ़वाल सांसद ने मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो उसके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और न्याय की लड़ाई में वे परिवार के साथ खड़े हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सांसद अनिल बलूनी ने हरिद्वार सांसद के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उन्होंने केशव नेगी को प्रथम दृष्टया निर्दोष बताते हुए जांच एजेंसियों से उनके पक्ष को गंभीरता से सुने जाने का आग्रह किया था।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस कदम की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड के नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जनप्रतिनिधि के दायित्वों के निर्वहन का उदाहरण बताया है। उनका कहना है कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवार के साथ खड़ा होना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


