गोपेश्वर।चमोली जिले के दशोली विकासखंड अंतर्गत बमियाला गांव में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे रखे शादी के टेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से टेंट सामग्री समेत वहां खड़े कई वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस अग्निकांड में टेंट स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, बमियाला गांव निवासी सतेंद्र रावत ने 29 अप्रैल को एक शादी समारोह के लिए टेंट लगाया था। समारोह संपन्न होने के बाद, 1 मई को टेंट स्वामी ने सारा सामान और डीजे सामग्री समेटकर गांव के पास सड़क किनारे रख दी थी, जिसे अगले दिन घर ले जाना था। लेकिन उसी रात करीब 2 बजे अचानक टेंट में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शी भरत सिंह ने बताया कि देर रात घर की एक महिला ने जब बाहर निकलकर देखा तो टेंट धू-धू कर जल रहे थे। आनन-फानन में शादी में आए रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक टेंट का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां खड़े छह दुपहिया वाहनों में से तीन वाहन और पास ही खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए अन्य वाहनों को वहां से हटाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को भी दी गई
टेंट स्वामी सतेंद्र रावत ने थाना गोपेश्वर में लिखित तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष गोपेश्वर, अनुरोध ब्यास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। मौके पर पुलिस टीम भेजी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आग लगने के कारणों का पता लगा लिया जाएगा।


