चमोली। बढ़ती महंगाई, चीनी के बढ़ते दाम और श्रम विभाग में श्रमिकों को सामान वितरण में कथित धांधली के विरोध में बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दशोली ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चमोली बस स्टैंड तिराहे पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। वहीं चीनी के बढ़ते दामों ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। श्रम विभाग में श्रमिकों को सामान वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने सरकार और विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव सुदर्शन शाह, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण, जिला प्रवक्ता राकेश सेजवाल, मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवांण, जिलाध्यक्ष महिला ऊषा रावत, वरिष्ठ नेता गौरव फर्स्वाण, गुलाब सिंह बिष्ट, वरिष्ठ यूथ सचिन गड़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

